- Hindi News
- राज्य
- उत्तर प्रदेश
- कांग्रेस 1 मई से ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ शुरू करेगी, सहारनपुर से दिल्ली तक निकलेगी यात्रा
कांग्रेस 1 मई से ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ शुरू करेगी, सहारनपुर से दिल्ली तक निकलेगी यात्रा
अजय राय बोले— किसान आर्थिक संकट में, युवा बेरोजगारी से जूझ रहे
उत्तर प्रदेश कांग्रेस 1 मई से ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ शुरू करेगी, जो सहारनपुर से दिल्ली तक जाएगी। पार्टी ने किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस 1 मई से ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ की शुरुआत करेगी, जो सहारनपुर से दिल्ली तक निकाली जाएगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस प्रेस वार्ता में अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में किसान और युवा गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक ओर किसान लगातार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं, जहां खेती की लागत बढ़ती जा रही है और फसलों के उचित दाम नहीं मिल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर युवा बेरोजगारी की बढ़ती समस्या से परेशान हैं।
इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव और उत्तर प्रदेश पश्चिमी क्षेत्र के प्रभारी विशाल चौधरी, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिमी क्षेत्र) के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला और अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं यूपी प्रभारी अखिलेश शुक्ला भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के माध्यम से किसानों और युवाओं की आवाज को उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

