डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल सेंसस ऑफिसर डॉ. सोना थिंद की अध्यक्षता में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘जनगणना-2027’ पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हो गई।
कार्यशाला के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला जनगणना अधिकारी पूजा स्याल ग्रेवाल, पंजाब जनगणना विभाग के अधिकारियों, सहायक निदेशक रेनू और सांख्यिकीय अन्वेषक (ग्रेड-II) आलोक कुमार ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने बताया कि इस बार जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जाएगी। परिवार का मुखिया 30 अप्रैल से 14 मई के बीच जनगणना मोबाइल एप के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं भी भर सकेगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण 15 मई से 13 जून तक चलेगा, जिसमें घरों की सूची (हाउस लिस्टिंग) तैयार की जाएगी। इस दौरान गणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
सर्वेक्षण के दौरान नागरिकों से करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे।
डॉ. थिंद ने लोगों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें, क्योंकि जनगणना की सफलता के लिए जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है।

