हरियाणा के कैबिनेट मंत्री Anil Vij शनिवार देर रात अपने आवास के बाथरूम में फिसल गए, जिससे उनके दोनों टखनों में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम एक महीने तक पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है।
अनिल विज ने बताया कि बाथरूम के फर्श पर पानी होने के कारण उनका पैर फिसल गया। उन्होंने कहा, “बजट सत्र नजदीक है और मैं उसमें शामिल होना चाहता हूं, क्योंकि वहां मेरी मौजूदगी जरूरी है। लेकिन ऐसी चीजें मेरे हाथ में नहीं होतीं। डॉक्टरों ने फिलहाल टखनों पर कोई दबाव न डालने की सख्त हिदायत दी है।”
मंत्री ने यह भी बताया कि फिलहाल सूजन बनी हुई है और एक-दो दिन में डॉक्टर प्लास्टर लगाने पर भी विचार कर सकते हैं।
उनकी चोट की खबर फैलते ही पार्टी नेताओं, समर्थकों और यहां तक कि विपक्षी नेताओं ने भी फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। अनिल विज ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “लगता है फिलहाल ग्रहों की स्थिति ठीक नहीं है, लेकिन मैं टूटने वाला नहीं हूं।” उन्होंने यह भी कहा, “जो होना है सो होना है, फिर किस बात का रोना है।”

