Ambala Police ने अंबाला कैंट में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी।
मृतक की पहचान अंबाला सिटी निवासी 22 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। इस झगड़े में भूपिंदर (20) और जसराज (19) भी चाकू लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान साहिल, शिवम और सागर के रूप में की है, जो अंबाला के निवासी हैं।
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। अंबाला कैंट थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में केस दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएचओ के अनुसार, साहिल सरकारी कॉलेज का छात्र है और उसका जसराज के साथ कॉलेज में मामूली विवाद हुआ था। रविवार रात शादी समारोह में दोनों आमने-सामने आ गए, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया और इस दौरान सोनू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किया जाएगा और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जसराज अपने दोस्तों सोनू और भूपिंदर के साथ शादी समारोह में आया था, जहां उसका भाई फूल सजावट का काम कर रहा था। इसी दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

