- Hindi News
- राज्य
- पंजाब
- गढ़शंकर नगर परिषद चुनाव नामांकन के दौरान हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी के कागजात छीने जाने का आरोप
गढ़शंकर नगर परिषद चुनाव नामांकन के दौरान हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी के कागजात छीने जाने का आरोप
एसडीएम कार्यालय में तनावपूर्ण माहौल, कांग्रेस ने लोकतंत्र पर हमला बताते हुए सरकार के खिलाफ लगाए आरोप
गढ़शंकर नगर परिषद चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन उस समय तनाव फैल गया जब कुछ अज्ञात लोगों पर कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन पत्र छीनकर भागने का आरोप लगा। घटना के समय पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष और आप विधायक जय कृष्ण सिंह रौड़ी भी मौके पर मौजूद थे।
गढ़शंकर में नगर परिषद चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने कथित रूप से कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन दस्तावेज छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना के समय एसडीएम कार्यालय में आम आदमी पार्टी के विधायक और पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी भी मौजूद थे।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार पम्मी ने कहा कि जैसे ही वह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कार्यालय पहुंचे, तभी दो से तीन लोग अचानक उनकी फाइल छीनकर भाग गए।घटना के बाद स्थानीय कांग्रेस नेता अमरप्रीत सिंह लाली अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन और स्थानीय आम आदमी पार्टी के नेता आपस में मिले हुए हैं और साजिश के तहत कांग्रेस उम्मीदवार को चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में किसी उम्मीदवार के नामांकन पत्र छीनना लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
एसडीएम कार्यालय में इस मुद्दे को लेकर विधानसभा उपाध्यक्ष जय कृष्ण सिंह रौड़ी और कांग्रेस नेता अमरप्रीत सिंह लाली के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।


