- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- बहादुरगढ़ में नवजात तस्करी गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़ में नवजात तस्करी गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
तीन दिन के बच्चे को बचाया गया, कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
बहादुरगढ़ पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन दिन के बच्चे को सुरक्षित बचाया।
बहादुरगढ़ पुलिस ने बुधवार को नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से तीन दिन के एक नवजात बच्चे को सुरक्षित बचाया गया है।
बहादुरगढ़ के डीसीपी Mayank Mishra ने बताया कि यह गिरोह कुल पांच सदस्यों का है और विभिन्न राज्यों में सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम और अकील (गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) तथा महिला आरोपी बैंत (मुक्तसर, पंजाब) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह बच्चा पंजाब के फरीदकोट से लाया गया था और इसे दिल्ली में एक नि:संतान दंपति को बेचने की योजना थी। गिरोह ने इस बच्चे को करीब ₹2.25 लाख में खरीदा था, जबकि इसकी बिक्री कीमत ₹9.25 लाख तय की गई थी।
डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नि:संतान दंपतियों को निशाना बनाता था और अवैध रूप से बच्चों को गोद दिलाने का प्रस्ताव देता था।
उन्होंने कहा कि यह नेटवर्क काफी संगठित है और पंजाब से लेकर महाराष्ट्र तक फैला हुआ है। अब तक इस गिरोह के पांच मामलों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने सेक्टर-9 मोड़, बहादुरगढ़ में वाहन चेकिंग के दौरान विशेष अभियान चलाकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया। इस दौरान दो वाहन और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनसे अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
