- Hindi News
- राज्य
- पंजाब
- होशियारपुर की शानदार जीत, नवांशहर को 10 विकेट से हराया
होशियारपुर की शानदार जीत, नवांशहर को 10 विकेट से हराया
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन U-16 टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत, पूल में शीर्ष स्थान हासिल
होशियारपुर ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर नवांशहर को 10 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और अपने पूल में पहला स्थान हासिल किया।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के अंडर-16 इंटर-डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में होशियारपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवांशहर को 10 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
एचडीसीए (HDCA) के सचिव डॉ. रमन घई ने जानकारी देते हुए बताया कि होशियारपुर में खेले गए इस दो दिवसीय मैच में नवांशहर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए होशियारपुर ने 87.2 ओवर में 221 रन बनाए। लक्ष्यदीप संधू ने 56 रन बनाकर सबसे अधिक योगदान दिया, जबकि मनकरण सिंह ने 46 रन बनाए। मनन नारायण ने 22 रन, कप्तान युवराज ठाकुर ने 24 रन, अमरप्रीत सिंह ने 18 रन बनाए और रमनवीर सिंह 14 रन बनाकर नाबाद रहे।
नवांशहर की ओर से खुशकुमार गुप्ता, तरनवीर सिंह, मीनार वर्मा, मोहम्मद अल्ताफ और सक्षम ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में नवांशहर की टीम होशियारपुर के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और पहली पारी में 119 रन पर ऑल आउट हो गई। दूसरी पारी में भी टीम 125 रन ही बना सकी।
नवांशहर के लिए खुशकुमार गुप्ता ने 40 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि कृषव सिक्का ने 15 रन बनाए।
होशियारपुर के गेंदबाज अभिनव प्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में 5 विकेट लिए और पूरे मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए। आर्यवीर ने 3 विकेट लिए, जबकि ईशान अत्रार और रमनवीर ने क्रमशः 2 और 1 विकेट लिया।
27 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए होशियारपुर ने बिना कोई विकेट खोए सिर्फ 3 ओवर में मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ होशियारपुर ने अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
एचडीसीए के अध्यक्ष डॉ. दलजीत खेड़ा ने टीम को इस शानदार जीत पर बधाई दी। जिला कोच दलजीत सिंह, प्रवीण कुमार, अनिल हंस, दलजीत धीमान, पंकज पिंका, दिनेश शर्मा और ट्रेनर ने भी खिलाड़ियों की सराहना की।
