डॉलर के मुकाबले रुपया 92 के स्तर पर पहुंचा, एक हफ्ते में तीसरी बार बनाया नया रिकॉर्ड

सोना-चांदी वायदा कारोबार में रिकॉर्ड तेजी, यूरोपीय संघ के साथ एफटीए से बाजार को सहारा

On

भारतीय रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 92 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं सोना और चांदी की कीमतों में छह फीसदी की उछाल दर्ज की गई और दोनों ने नए रिकॉर्ड बनाए।

भारतीय रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.00 के स्तर पर पहुंच गया, जिससे उसने एक हफ्ते से भी कम समय में तीसरी बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। बुधवार को रुपया 31 पैसे कमजोर होकर 91.99 पर बंद हुआ था।

इससे पहले मंगलवार को रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर से संभलते हुए 22 पैसे की मजबूती के साथ 91.68 पर बंद हुआ था, लेकिन यह राहत ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजारों में सोना और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सोना और चांदी वायदा दोनों में करीब छह फीसदी की उछाल दर्ज की गई।

घरेलू बाजार में सोना वायदा ₹1,75,869 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी वायदा ₹4,07,456 प्रति किलोग्राम के अब तक के उच्चतम स्तर पर कारोबार करती दिखी।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने विश्लेषकों के हवाले से बताया कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में नरमी और यूरोपीय संघ के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के चलते निवेशकों की धारणा को सहारा मिला, जिससे बुधवार को रुपया कुछ हद तक संभल पाया था।

गौरतलब है कि भारत और यूरोपीय संघ ने मंगलवार को बहुप्रतीक्षित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की। इस समझौते के तहत परिधान, रसायन, फुटवियर समेत कई घरेलू क्षेत्रों को 27 देशों वाले यूरोपीय संघ के बाजार में ड्यूटी-फ्री प्रवेश मिलेगा।

हालांकि, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, डॉलर की चाल और कच्चे तेल की कीमतों पर नजर बनाए रखना आने वाले दिनों में रुपये की दिशा तय करेगा, ऐसा बाजार विशेषज्ञों का मानना है।Screenshot_752

Edited By: Atul Sharma

खबरें और भी हैं

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस नेताओं का अंबाला में धरना

नवीनतम

Copyright (c) Undekhi Khabar All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software