ट्रंप ने कनाडा को दी 50% टैरिफ की धमकी, विमान व्यापार पर छिड़ा नया विवाद

गलगफस्ट्रीम जेट्स के प्रमाणन को लेकर अमेरिका–कनाडा व्यापार युद्ध और तेज, बॉम्बार्डियर भी निशाने पर

On

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा पर अमेरिका में बेचे जाने वाले सभी विमानों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाने की धमकी दी है। यह कदम कनाडा द्वारा अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम के जेट विमानों को प्रमाणित न किए जाने के विरोध में उठाया गया है।

अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कनाडा को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थिति में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो अमेरिका में बेचे जाने वाले सभी कनाडाई विमानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। यह धमकी कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ जारी टकराव के बीच दी गई है।

ट्रंप ने कहा कि कनाडा ने सवाना (जॉर्जिया) स्थित गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस द्वारा निर्मित अत्याधुनिक जेट विमानों को प्रमाणन देने से “गलत और अवैध तरीके से” इनकार किया है। इसके जवाब में अमेरिका कनाडा में बने सभी विमानों का प्रमाणन रद्द करेगा, जिसमें देश की प्रमुख विमान निर्माता कंपनी बॉम्बार्डियर के विमान भी शामिल हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा,
“कनाडा ने गल्फस्ट्रीम 500, 600, 700 और 800 जेट्स को प्रमाणित करने से गलत, अवैध और हठधर्मी रवैया अपनाते हुए इनकार किया है। ये दुनिया के सबसे बेहतरीन और तकनीकी रूप से उन्नत विमानों में से हैं। इसलिए हम बॉम्बार्डियर ग्लोबल एक्सप्रेस समेत कनाडा में बने सभी विमानों का प्रमाणन रद्द कर रहे हैं, जब तक कि गल्फस्ट्रीम — एक महान अमेरिकी कंपनी — को पूरी तरह प्रमाणित नहीं किया जाता।”

उन्होंने आगे कहा कि इसी प्रमाणन प्रक्रिया के जरिए कनाडा अपने देश में गल्फस्ट्रीम विमानों की बिक्री पर भी प्रभावी रूप से रोक लगा रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति तुरंत नहीं बदली, तो अमेरिका में बेचे जाने वाले हर कनाडाई विमान पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब बॉम्बार्डियर और अमेरिका के बीच विवाद सामने आया हो। वर्ष 2017 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने बॉम्बार्डियर के एक यात्री विमान पर यह आरोप लगाते हुए शुल्क लगाया था कि कंपनी अमेरिका में लागत से कम कीमत पर विमान बेच रही है। हालांकि बाद में वाशिंगटन स्थित अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग ने फैसला सुनाया था कि बॉम्बार्डियर से अमेरिकी उद्योग को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

नए घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच विमानन और व्यापार संबंधों में और अधिक तनाव की आशंका जताई जा रही है।Screenshot_779

Edited By: Karan Singh

खबरें और भी हैं

एलपीजी संकट पर हुड्डा का हमला, लंबी कतारों और सप्लाई बाधित होने का आरोप

नवीनतम

Copyright (c) Undekhi Khabar All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software