- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- हरियाणा में महिलाओं और किशोरियों के लिए मेंस्ट्रुअल हाइजीन मिशन लागू, मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध
हरियाणा में महिलाओं और किशोरियों के लिए मेंस्ट्रुअल हाइजीन मिशन लागू, मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध
20 मई तक पोर्टल पर आवेदन अनिवार्य, बीपीएल वर्ग की 10 से 45 वर्ष की महिलाओं को मिलेगा लाभ
हरियाणा सरकार ‘महिला एवं किशोरी सम्मान योजना’ के तहत मेंस्ट्रुअल हाइजीन मिशन चला रही है। इसके तहत बीपीएल वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को मुफ्त सैनिटरी पैड और जागरूकता सुविधाएं दी जा रही हैं।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर पूरी तरह जागरूक और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता, गरिमा और सशक्तिकरण’ के उद्देश्य के तहत महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के अंतर्गत मेंस्ट्रुअल हाइजीन मिशन को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत बीपीएल श्रेणी की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें मुफ्त सैनिटरी नैपकिन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आरती सिंह राव ने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को 20 मई तक निर्धारित पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके अलावा, लाभार्थी अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों से भी योजना से संबंधित जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता को बढ़ावा देना है।

