- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- फतेहाबाद मंडी में गेहूं खरीद के दौरान हंगामा, बायोमेट्रिक सिस्टम फेल होने पर किसानों का प्रदर्शन
फतेहाबाद मंडी में गेहूं खरीद के दौरान हंगामा, बायोमेट्रिक सिस्टम फेल होने पर किसानों का प्रदर्शन
गेट पास न बनने और जगह की कमी से नाराज किसान सड़क पर बैठे, प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
फतेहाबाद की कुलां अनाज मंडी में बायोमेट्रिक सिस्टम की तकनीकी खराबी के चलते गेहूं खरीद प्रक्रिया बाधित हुई। नाराज किसानों ने सड़क जाम कर विरोध किया, जिसे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त किया गया।
फतेहाबाद जिले के कुलां स्थित ननहेरी अनाज मंडी में गुरुवार को सरकारी गेहूं खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नया लागू किया गया बायोमेट्रिक सिस्टम गेट पास जनरेट करने में विफल रहा, वहीं मंडी में गेहूं उतारने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं थी, जिससे नाराज किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
किसानों ने कुलां–रतिया मुख्य मार्ग पर धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण सड़क जाम हो गई और वाहनों को गांवों के वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा। सूचना मिलने पर धड़ासुल मार्केट कमेटी के सचिव संदीप कसनिया मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ने पर टोहाना के एसडीएम आकाश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बताया कि बायोमेट्रिक सिस्टम ऑनलाइन आधारित है, जो समय के साथ बेहतर हो जाएगा। उन्होंने तुरंत मंडी में अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करवाई और व्यापारियों के साथ समन्वय कर गेहूं को निर्धारित स्थानों और राइस मिलों में उतरवाने की व्यवस्था की।
एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि शुक्रवार से वे सीधे राइस मिलों में गेहूं दे सकेंगे, जहां गेट पास जारी करने के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, ताकि आगे कोई परेशानी न हो।
इन आश्वासनों के बाद किसानों ने करीब तीन घंटे बाद अपना धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
किसानों का कहना था कि नए बायोमेट्रिक सिस्टम के तहत गेट पास जारी किए जाते हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण यह प्रक्रिया अस्थायी रूप से बाधित हो गई थी।
रानिया में किसानों को INLD का समर्थन
सिरसा जिले के रानिया अनाज मंडी में सरकारी नियमों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों को गुरुवार को इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) का समर्थन मिला। पार्टी के जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर किसानों और आढ़तियों के साथ एकजुटता दिखाई।
जस्सा ने केंद्र सरकार की नई खरीद नीतियों की आलोचना करते हुए उन्हें किसानों और व्यापारियों के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में नमी और चमक के आधार पर गेहूं के दाम में अनुचित कटौती की जा रही है, जो तर्कसंगत नहीं है।
उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए इसे किसानों के सम्मान के खिलाफ बताया। जस्सा ने आश्वासन दिया कि INLD किसानों और व्यापारियों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ाई लड़ेगी।
