- Hindi News
- राज्य
- पंजाब
- आप नेता की हत्या के बाद जालंधर में सियासी घमासान, कानून-व्यवस्था पर सरकार घिरी
आप नेता की हत्या के बाद जालंधर में सियासी घमासान, कानून-व्यवस्था पर सरकार घिरी
चन्नी ने सीएम पर साधा निशाना, भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या के कुछ घंटों बाद कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पर राज्य चलाने में विफल रहने का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने प्रदेश को अपराधियों का गढ़ बनने का दावा किया।
आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या के कुछ घंटों बाद जालंधर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक हरदेव लड्डी शेरोवालिया, सुखविंदर कोटली, अवतार हेनरी तथा हलका इंचार्ज डॉ. नवजोत दहिया और सुरिंदर कौर ने पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से मुलाकात कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की।
मीडिया से बातचीत में चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा,
“स्टेज चलाने और स्टेट चलाने में फर्क होता है। मुख्यमंत्री अभी भी केवल मंच संभाल रहे हैं और राज्य को संभालने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।”
डीजीपी के उस बयान पर कि देश में हथियारों की तस्करी बढ़ रही है, चन्नी ने सवाल उठाया,
“केंद्र सरकार कहां है? बीएसएफ को ज्यादा क्षेत्र दिया गया है। पंजाब इंटेलिजेंस कहां है? क्या वे हथियारों की तस्करी को रोकने में सक्षम नहीं हैं?”
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि पंजाब में हत्याएं और जबरन वसूली अब “रोजमर्रा का कारोबार” बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार में कानून-व्यवस्था अपराधियों और गैंगस्टरों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है।
शेरगिल ने कहा,
“गायक, कारोबारी, राजनेता, नौकरीपेशा लोग, कबड्डी खिलाड़ी—समाज का हर वर्ग संगठित अपराध का शिकार बन रहा है। पुलिस को पेशेवर कानून प्रवर्तन एजेंसी की जगह आप नेतृत्व की निजी मसलमैन फोर्स में बदला जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि अपराधियों का हौसला इसलिए बढ़ा है क्योंकि उन्हें एक भ्रमित, दिशाहीन और राजनीतिक हस्तक्षेप से ग्रस्त प्रशासन नजर आता है।
“जब अपराधियों को तुरंत सजा नहीं मिलती, पुलिस का मनोबल टूटता है और राजनीतिक दबाव जांच में हस्तक्षेप करता है, तो अपराध स्वतः फलता-फूलता है,” शेरगिल ने कहा।
पूर्व शिक्षा मंत्री और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों ने पहले कांग्रेस, फिर अकाली दल और अब आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जो सरकार की साख पर सीधा हमला है।
परगट सिंह ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा,
“पंजाब को बहानों की नहीं, ठोस नतीजों की जरूरत है, ताकि लोग शांति से जी सकें। मौजूदा हालात डरावने हैं और पूरे राज्य में भय का माहौल है।”
