- Hindi News
- राज्य
- पंजाब
- ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत मालेरकोटला में बड़ी कार्रवाई, 90 लोगों पर जांच
‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत मालेरकोटला में बड़ी कार्रवाई, 90 लोगों पर जांच
तीन दिन की सख्त कार्रवाई में नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों पर कसा शिकंजा
मालेरकोटला जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस ने तीन दिवसीय अभियान चलाकर विभिन्न इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान 90 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ व अवैध शराब बरामद की गई।
मालेरकोटला जिले के सभी थानों को ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत शुरू की गई कार्रवाई को जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के समापन सत्र के दौरान अमरगढ़ सब-डिवीजन के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया और बगरियां गांव की बस्तियों को घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन किया गया।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग मामलों में हिरासत में लिए गए 90 व्यक्तियों के खिलाफ जांच शुरू की गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से
-
49 ग्राम हेरोइन,
-
70 नशीली गोलियां,
-
50 बोतल अवैध शराब,
-
एक मोटरसाइकिल,
-
तथा कुछ नकदी
बरामद की गई।
मालेरकोटला के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि डीजीपी गौरव यादव की निगरानी में चलाए गए इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान नशा तस्करों और आदतन अपराधियों जैसे असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा गया है।
सोमवार, मंगलवार और बुधवार को करीब 200 पुलिसकर्मियों की 30 टीमों ने पूर्व निर्धारित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
इस अभियान की निगरानी एसपी (हेड क्वार्टर) गुरशरण संधू, एसपी (डी) सतपाल शर्मा और एसपी राजविंदर सिंह रंधावा ने की। कार्रवाई संबंधित क्षेत्रों में डीएसपी अहमदगढ़ सुखदेव सिंह बराड़, डीएसपी अमरगढ़ संजीव कपूर और डीएसपी मालेरकोटला मानवजीत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खिलाफ मुहिम को आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा।
