- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- ओडिशा से अपहृत हरियाणा निवासी को पश्चिम बंगाल से सकुशल छुड़ाया
ओडिशा से अपहृत हरियाणा निवासी को पश्चिम बंगाल से सकुशल छुड़ाया
कुरुक्षेत्र पुलिस और स्थानीय टीम की संयुक्त कार्रवाई, 5 लाख फिरौती की थी मांग
हरियाणा के लाडवा निवासी अजीत वर्मा का ओडिशा में अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उन्हें पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद कर लिया।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने रविवार को बताया कि हरियाणा के लाडवा निवासी, जिनका ओडिशा में अपहरण कर लिया गया था, उन्हें पश्चिम बंगाल से सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 मार्च को पानीपत निवासी मेघा रानी ने लाडवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने अपने पिता अजीत वर्मा के अपहरण की जानकारी दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनके पिता अजीत वर्मा लाडवा के निवासी हैं और वे भुवनेश्वर के धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने के लिए ओडिशा गए थे, जहां 25 मार्च को उनका अपहरण कर लिया गया।
अपहरणकर्ताओं ने उन्हें छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
लाडवा पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की और एक टीम को ओडिशा रवाना किया।
लाडवा थाने के एसएचओ गुरनाम सिंह ने बताया, “स्थानीय पुलिस की मदद से 28 मार्च को ओडिशा में जांच शुरू की गई और अपहृत व्यक्ति की लोकेशन पश्चिम बंगाल में ट्रेस की गई।”
उन्होंने आगे बताया कि संयुक्त अभियान चलाकर अजीत वर्मा को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है और पुलिस टीम उन्हें लेकर लाडवा वापस लौट रही है।
