- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम बनी यूनिटी टी-20 ट्राई-सीरीज चैंपियन
हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम बनी यूनिटी टी-20 ट्राई-सीरीज चैंपियन
मोहाली में शानदार प्रदर्शन, फाइनल में पंजाब को हराकर दर्ज की अजेय जीत
हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने मोहाली में आयोजित यूनिटी टी-20 ट्राई-सीरीज जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपना दबदबा कायम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पंजाब को हराया।
हरियाणा व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए मोहाली (पंजाब) के हॉक क्रिकेट ग्राउंड में 23 से 27 मार्च तक आयोजित प्रतिष्ठित यूनिटी टी-20 ट्राई-सीरीज का खिताब जीत लिया।
पंजाब व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश की मजबूत टीमों ने भाग लिया। हालांकि, पूरे टूर्नामेंट में हरियाणा टीम का दबदबा बना रहा।
इस प्रतियोगिता को पीआरसी मोहाली, टाइनर, सेलेब कनेक्ट, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और अन्य सामाजिक संस्थाओं का सहयोग मिला। मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह इस टूर्नामेंट के ब्रांड एंबेसडर रहे, जिससे आयोजन को खास पहचान मिली।
हरियाणा ने अपने अभियान की शुरुआत पंजाब के खिलाफ 13 रन की कड़ी जीत के साथ की, जिसने आगे के मुकाबलों के लिए टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले में एक बार फिर हरियाणा का सामना पंजाब से हुआ। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199/3 का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19.2 ओवर में 7 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में सोनीपत के स्पाइनल इंजरी से पीड़ित खिलाड़ी दिनेश राणा ने 60 गेंदों में 97 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ करनाल के दीपक चाहल ने 26 गेंदों में 41 रन बनाए, जबकि हाशिम अली ने 20 रन का योगदान दिया।
टीम के कप्तान बलराम कौशिक ने भी बेहतरीन नेतृत्व करते हुए 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
हरियाणा टीम में दीपक चाहल, दिनेश राणा, मोनू मास्टर, हाशिम अली, जग्गीर सिंह, जोगिंदर, वेदपाल, रविंदर बघेल, सचिन दुआ, अजय राणा, मोहित भारद्वाज और सुरेंद्र राणा जैसे खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
