- Hindi News
- राज्य
- हिमाचल
- मंडी में पहली बार साहित्य उत्सव का आयोजन, शिवरात्रि महोत्सव को मिलेगा नया सांस्कृतिक आयाम
मंडी में पहली बार साहित्य उत्सव का आयोजन, शिवरात्रि महोत्सव को मिलेगा नया सांस्कृतिक आयाम
14 फरवरी को ‘छोटी काशी साहित्य उत्सव’, पांच सत्रों में लोक साहित्य से युवा लेखन तक होगी चर्चा
ऐतिहासिक नगर मंडी इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान एक नई सांस्कृतिक पहल जोड़ने जा रहा है। पहली बार ‘छोटी काशी साहित्य उत्सव’ का आयोजन 14 फरवरी को संकेन गार्डन में किया जाएगा। इसकी घोषणा उपायुक्त अपूर्व देवगन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी अपने स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और इस साहित्य उत्सव का उद्देश्य नगर की समृद्ध सांस्कृतिक व साहित्यिक विरासत का सम्मान करना है। मंडी का लंबे समय से अनेक प्रतिष्ठित लेखकों से जुड़ाव रहा है और यहां की साहित्यिक परंपरा सशक्त रही है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला, कसौली और शिमला में नियमित रूप से साहित्य उत्सव होते रहे हैं, लेकिन मंडी में ऐसे आयोजन की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस पहल के जरिए जिला प्रशासन नगर में एक स्थायी साहित्यिक मंच विकसित करना चाहता है।
उत्सव का औपचारिक उद्घाटन प्रसिद्ध लेखक राजा भसीन करेंगे। भविष्य में इसके दायरे को और विस्तृत करने की भी योजना है।
उत्सव की रूपरेखा:
एक दिवसीय इस साहित्य उत्सव में कुल पांच सत्र होंगे—
-
मंडियाली लोक साहित्य और समकालीन लेखन
-
कैमरा, कलम और मंच के माध्यम से मंडी की कला अभिव्यक्ति (सिनेमा, साहित्य और रंगमंच)
-
लोक कथाओं से बाल साहित्य तक कहानी कहने की परंपरा
-
युवा लेखन और मानसिक स्वास्थ्य—रचनात्मकता व भावनात्मक संतुलन का संबंध
-
प्राचीन और पारंपरिक साहित्यिक विधाओं का विकास
इसके अलावा सहभागिता बढ़ाने के लिए साहित्यिक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि शाम को ग़ज़ल संध्या उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
