उपायुक्त गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का दूसरा चरण शुरू किया है, जिसके अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा के इच्छुक बुजुर्गों के आवेदन पत्र बूथ स्तर पर भरे जा रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि यात्रियों का चयन पूर्णतः पारदर्शी ड्रॉ प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम साथ रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक पात्र हैं और वोटर आईडी कार्ड होना अनिवार्य है। प्रत्येक बूथ से पंजीकृत आवेदकों में से ड्रॉ द्वारा यात्रियों का चयन किया जाएगा।
बैठक में जिला सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन सतनाम सिंह जलवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है, जिसके लिए जिले में जिला समन्वयक भी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में आज से पंजीकरण शुरू हो गया है और 10 फरवरी को योजना के तहत पहली बस रवाना होगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से तीर्थ यात्रियों के लिए यातायात, भोजन, चिकित्सा सुविधा और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। 10 फरवरी को रवाना होने वाली बस से श्रद्धालु अमृतसर जाएंगे, जहां वे श्री दरबार साहिब, राम तीर्थ मंदिर, वाघा बॉर्डर, जलियांवाला बाग सहित अन्य प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनके सम्मान और सुविधा का भी विशेष ध्यान रखती है
