- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- कैथल में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीसी अपराजिता ने किया निरीक्षण
कैथल में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीसी अपराजिता ने किया निरीक्षण
घग्गर और नहर क्षेत्रों का दौरा, अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने गुहला क्षेत्र के बाढ़ संभावित इलाकों का निरीक्षण कर मानसून से पहले तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने मंगलवार को गुहला क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित होने वाले प्रमुख इलाकों का दौरा कर आगामी मानसून सीजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों को तेज किया जाए और समय पर पूरा किया जाए।
घग्गर टटियाना गेज पर निरीक्षण के दौरान उन्होंने डी-सिल्टिंग (गाद हटाने) और सफाई कार्यों का जायजा लिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 की बाढ़ के दौरान यहां 84,000 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था, जबकि 2025 में यह आंकड़ा 56,000 क्यूसेक रहा।
इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने समय पर तैयारी और लगातार निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया।
हांसी-बुटाना नहर के निरीक्षण के दौरान उन्हें पटियाला रोड से खराल गांव तक चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्य के बारे में जानकारी दी गई। करीब 10,000 फीट लंबे इस प्रोजेक्ट पर 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम शामिल है। यह कार्य जून 2026 तक पूरा होने की संभावना है।
इसके अलावा उन्होंने बीएमएल सरोला सिफॉन पर चल रहे डी-सिल्टिंग कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की, जहां अधिकारियों ने बताया कि गाद हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। उपायुक्त ने एसडीएम गुहला कैप्टन परमेश सिंह को नियमित रूप से कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने किसानों से भी बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पानी के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित करना और फसलों व संपत्ति को नुकसान से बचाना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निचले इलाकों, ड्रेनेज सिस्टम, तटबंधों और जल निकासी मार्गों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि भारी बारिश की स्थिति में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।

