करनाल में HSVP की बड़ी कार्रवाई, वाल्मीकि बस्ती में 7 अवैध ढांचे ध्वस्त

हाईकोर्ट के आदेश पर चला बुलडोजर, विरोध के बीच पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

On

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के तहत करनाल के सेक्टर-12 स्थित वाल्मीकि बस्ती में HSVP ने अवैध कब्जों पर कार्रवाई करते हुए 7 ढांचों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने मंगलवार को करनाल के सेक्टर-12 स्थित वाल्मीकि बस्ती में बड़ी कार्रवाई करते हुए अपनी जमीन पर बने 7 अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके और ध्वस्तीकरण अभियान जारी रहा।

इससे पहले जनवरी में भी इसी क्षेत्र में इसी तरह की कार्रवाई की गई थी।

HSVP करनाल की एस्टेट ऑफिसर अदिति ने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट ने वर्ष 2012 में ही इस स्थल से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए थे।

HSVP द्वारा किए गए सर्वे में 236 परिवारों की पहचान पुनर्वास के लिए की गई थी, जिनमें से 226 परिवार पात्र पाए गए। इन परिवारों के लिए वर्ष 2016 में मुगल नहर के पास सेक्टर-14 (भाग-2) में आशियाना योजना के तहत 14.85 करोड़ रुपये की लागत से 264 फ्लैट बनाए गए थे।

हालांकि, स्थानीय निवासियों ने इन फ्लैट्स में जगह कम होने का हवाला देते हुए वहां शिफ्ट होने से इनकार कर दिया था।

प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जों को हटाने और नियमानुसार व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

 
Screenshot_808
Edited By: Karan Singh

खबरें और भी हैं

कांग्रेस 1 मई से ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ शुरू करेगी, सहारनपुर से दिल्ली तक निकलेगी यात्रा

नवीनतम

Copyright (c) Undekhi Khabar All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software