- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- सिरसा में धूल भरी आंधी के बाद आग का कहर, 20 से अधिक जगहों पर लगी आग
सिरसा में धूल भरी आंधी के बाद आग का कहर, 20 से अधिक जगहों पर लगी आग
तेज हवाओं ने बढ़ाई आग की घटनाएं, करोड़ों का नुकसान; फायर कर्मियों की हड़ताल के बीच रोडवेज ड्राइवरों ने संभाली कमान
सिरसा में देर रात आई धूल भरी आंधी के बाद जिलेभर में 20 से अधिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सबसे बड़ा नुकसान एक ट्रैक्टर एजेंसी के गोदाम में हुआ, जहां करीब 50 लाख रुपये की क्षति हुई।
सिरसा जिले में सोमवार देर रात धूल भरी आंधी के बाद हालात बिगड़ गए, जब तेज हवाओं के चलते जिले के विभिन्न हिस्सों में 20 से अधिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
सबसे गंभीर घटना शहर के बस स्टैंड के पास एक ट्रैक्टर एजेंसी के स्पेयर पार्ट्स गोदाम में हुई, जहां करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ। यह गोदाम ट्रैक्टर मरम्मत और ज्वलनशील पदार्थों जैसे मोबिल ऑयल के भंडारण के लिए भी इस्तेमाल किया जाता था, जिससे आग तेजी से फैल गई।
स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब गोदाम के एक ओर निजी अस्पताल और दूसरी ओर शराब की दुकान स्थित थी। एहतियात के तौर पर अस्पताल की पहली मंजिल पर मौजूद मरीजों को दूसरी मंजिल पर शिफ्ट किया गया, जबकि कर्मचारियों ने परिसर में खड़े ट्रैक्टरों को बाहर निकाला।
आग से उठता धुआं अस्पताल परिसर में फैल गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हरियाणा रोडवेज के ड्राइवरों को फायर ब्रिगेड वाहन चलाने की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। सिरसा रोडवेज डिपो के चालक चमन लाल ने बताया कि उन्हें आग की घटनाओं वाले स्थानों तक दमकल गाड़ियां पहुंचाने के लिए बुलाया गया था। कुल चार फायर ब्रिगेड गाड़ियां फायर विभाग से और एक एयरफोर्स स्टेशन से मंगवाई गईं।
इसके अलावा, हिसार रोड पर महाराणा प्रताप चौक के पास एक शराब की दुकान में भी आग लग गई, जिससे रात 3 बजे के बाद तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बेगू रोड पर एक इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में आग लगने से भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं सड़कों पर गिर गईं, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।

