- Hindi News
- राज्य
- चंडीगढ़
- मोहाली कार्निवल 2026 में एनआईआईएफटी के छात्रों का शानदार रैंप शो, रचनात्मकता और सस्टेनेबिलिटी रही के...
मोहाली कार्निवल 2026 में एनआईआईएफटी के छात्रों का शानदार रैंप शो, रचनात्मकता और सस्टेनेबिलिटी रही केंद्र में
डिजाइनर कलेक्शंस ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, हिमाचली वस्त्रों और रिसाइकल्ड डेनिम से ली गई प्रेरणा
नॉर्दर्न इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईआईएफटी), मोहाली के छात्रों ने मोहाली कार्निवल 2026 में अपने डिजाइनर परिधानों की प्रभावशाली रैंप प्रस्तुति दी। इस शो में पारंपरिक परिधानों, आधुनिक डिज़ाइन और पर्यावरण-अनुकूल फैशन का अनूठा संगम देखने को मिला।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पंजाब द्वारा स्थापित नॉर्दर्न इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईआईएफटी), मोहाली ने मोहाली कार्निवल 2026 के दौरान अपने छात्रों द्वारा तैयार किए गए डिजाइनर कलेक्शंस की भव्य रैंप प्रस्तुति दी।
इस फैशन शो में छात्रों की बारीक कारीगरी, रचनात्मकता और नवाचार साफ झलकता नजर आया, जिसने वस्त्र एवं फैशन उद्योग में एनआईआईएफटी के योगदान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।
डिजाइनों की रचनात्मक व्याख्या
शो की समन्वयक नवदीप कौर ने प्रत्येक डिजाइन की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने डिजाइनों में प्रयुक्त मोटिफ, थीम, सिलुएट और गारमेंट पैटर्न के बारे में बताते हुए दर्शकों को कलेक्शंस के पीछे की रचनात्मक सोच से अवगत कराया।
सस्टेनेबिलिटी और पारंपरिक प्रेरणा
एनआईआईएफटी के छात्रों ने आकर्षक एथनिक वियर प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। कई परिधानों में रीसाइकल्ड डेनिम का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं कुछ डिजाइनों में हिमाचल प्रदेश की समृद्ध वस्त्र परंपरा से प्रेरणा ली गई।
फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक डिजाइनों का संतुलन देखने को मिला, जिसने दर्शकों को न केवल सौंदर्यबोध से जोड़ा, बल्कि सतत फैशन (सस्टेनेबल फैशन) के प्रति जागरूक भी किया।
आयोजकों के अनुसार, इस तरह की प्रस्तुतियां छात्रों को उद्योग से जोड़ने के साथ-साथ फैशन को एक सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करने में सहायक साबित होती हैं।
