- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- “ऑपरेशन लगाम” के तहत पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति फैलाने वालों पर F...
“ऑपरेशन लगाम” के तहत पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति फैलाने वालों पर FIR
38 लोगों को काउंसलिंग, 1,000 से ज्यादा पोस्ट हटाए गए; सड़क और सोशल मीडिया दोनों पर सख्ती
पलवल पुलिस ने “ऑपरेशन लगाम” के तहत सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति और हथियारों के प्रदर्शन को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई की है। कई मामलों में FIR दर्ज की गई है और हजारों ट्रैफिक व कानून उल्लंघन मामलों पर भी कार्रवाई हुई है।
पलवल पुलिस ने “ऑपरेशन लगाम” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने और स्टंट/धमकी भरे कंटेंट पोस्ट करने के मामलों में छह केसों में FIR दर्ज की है। इसके साथ ही 38 सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को काउंसलिंग दी गई और लगभग 1,000 रील्स व पोस्ट हटवा दिए गए। निगरानी के लिए एक विशेष सेल भी गठित की गई है।
पलवल के पुलिस अधीक्षक (SP) नितिश अग्रवाल ने बताया कि सड़क पर हुड़दंग रोकने के लिए पांच विशेष टीमें बनाई गईं, जिन्होंने पिछले 40 दिनों में 8,050 से अधिक उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें अवैध लाल-नीली बत्ती, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, बुलेट पटाखा साइलेंसर, शराब पीकर वाहन चलाना और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने जैसे मामले शामिल हैं।
अपराध, सड़क पर हुड़दंग, सोशल मीडिया पर अशांति और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जिले में “ऑपरेशन लगाम – न रील में गुंडागर्दी, न सड़क पर मनमानी” नाम से विशेष अभियान शुरू किया गया है।इस अभियान के तहत पांच टीमों, जिनमें SWAT टीम भी शामिल है, का गठन किया गया है ताकि सड़क पर स्टंटबाजी और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। साथ ही, थाना और चौकी स्तर पर भी लगातार कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने साफ कहा है कि पलवल में “न रील में गुंडागर्दी, न सड़क पर मनमानी” बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।


