- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- जगाधरी में आईएमए हरियाणा का वार्षिक राज्य सम्मेलन, नई टीम ने संभाला कार्यभार
जगाधरी में आईएमए हरियाणा का वार्षिक राज्य सम्मेलन, नई टीम ने संभाला कार्यभार
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जे नायक की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरियाणा का वार्षिक राज्य सम्मेलन और नई राज्य टीम का शपथ ग्रहण समारोह जगाधरी में आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषयों पर मंथन हुआ।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरियाणा का वार्षिक राज्य सम्मेलन एवं आईएमए हरियाणा और स्टेट काउंसिल की नई टीम का स्थापना समारोह आज जगाधरी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सुनीला सोनी को अध्यक्ष, डॉ. योगेश जिंदल को मानद सचिव और डॉ. दीपिका अग्रवाल को मानद कोषाध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण राष्ट्रीय आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जे नायक ने कराई।
सम्मेलन में राज्यभर से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम प्रगति पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान हेड व नेक कैंसर, यूरोलॉजी में रोबोटिक तकनीक, कोरोनरी आर्टरी डिज़ीज़ का प्रबंधन, बांझपन में लैप्रोस्कोपी की भूमिका, एलर्जी पैनल, सर्वाइकल कैंसर और रेबीज टीकाकरण जैसे विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम की मेजबानी आईएमए जगाधरी-यमुनानगर ने अपने अध्यक्ष डॉ. रेजिनाल्ड मसीह के नेतृत्व में की। सम्मेलन में डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. एवीएस रवि, डॉ. सचिन गर्ग, डॉ. राजन शर्मा, डॉ. धीरेंद्र के सोनी, डॉ. वेद बेनीवाल, डॉ. करण पुनिया, डॉ. आरके चौधरी, डॉ. महावीर जैन, डॉ. अजय महाजन, डॉ. पुनिता हसीजा और डॉ. राजीव आर्य सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जे नायक ने अपने संबोधन में कहा कि एकल और दंपती डॉक्टरों द्वारा संचालित छोटे अस्पताल आम जनता को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने संबंधित प्राधिकरणों से ऐसे अस्पतालों के लिए ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
