पंचकूला नगर निगम के आयुक्त विनय कुमार ने बुधवार को अलीपुर स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर, झुरीवाला ट्रांसफर स्टेशन डंपिंग ग्राउंड और सेक्टर-26 के आकांक्षी शौचालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने और परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
अलीपुर स्थित एमआरएफ सेंटर में आयुक्त ने निर्माण कार्य, उपयोगिता और आसपास की बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को एप्रोच रोड का कार्य तुरंत पूरा करने और झुरीवाला ट्रांसफर स्टेशन को जल्द इस स्थल पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झुरीवाला से खुले कचरे को हटाने से शहर के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र को मजबूती मिलेगी और स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी।
सेक्टर-26 के आकांक्षी शौचालय के निरीक्षण के दौरान विनय कुमार ने निर्माण गुणवत्ता, सोलर पावर व्यवस्था, स्वच्छता प्रणाली और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को शीघ्र पूरा कर इसे जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोला जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण गुणवत्ता, समयबद्धता और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आकांक्षी शौचालय स्वच्छ भारत मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
झुरीवाला ट्रांसफर स्टेशन का पुनः निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने वहां अब भी बचे कचरे पर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर पूरे क्षेत्र की पूर्ण सफाई की जाए और भविष्य में कचरा फैलने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
नगर आयुक्त ने कहा कि पंचकूला को स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम जमीनी स्तर पर सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
