राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की रेल समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। यह बैठक एक दिन पहले संसद में उठाए गए मुद्दों के क्रम में हुई। सांसद ने कहा कि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल सेवाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे तीर्थयात्रियों, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों को लगातार असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान कार्तिकेय शर्मा ने विशेष रूप से ट्रेन नंबर 14887/14888 बरमेर–कालका एक्सप्रेस के पुनः संचालन की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन कोविड काल के दौरान बंद कर दी गई थी और अब तक बहाल नहीं की गई है।
शर्मा ने कहा कि बरमेर–कालका एक्सप्रेस कालका, चंडीगढ़ और हिमाचल क्षेत्र को राजस्थान के प्रमुख शहरों हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर और बरमेर से जोड़ने वाली एकमात्र सीधी रेल सेवा थी। इसके बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है और उन्हें वैकल्पिक, महंगे तथा समय लेने वाले मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं और यात्रियों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को शीघ्र पुनः शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत हो और आम जनता को राहत मिल सके।
सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर सकारात्मक और त्वरित निर्णय लेगा, जिससे कालका–अंबाला क्षेत्र और आसपास के इलाकों के लाखों यात्रियों को लाभ होगा।
