पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ हुई विस्तृत चर्चा के बाद हिंदुजा ग्रुप ने राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री की हिंदुजा ग्रुप के चेयरपर्सन अशोक पी. हिंदुजा के साथ बैठक हुई, जिसमें निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘कॉइन्स ऑफ द कुनिंदाज (पंजाब क्षेत्र)’ शीर्षक पुस्तक का औपचारिक विमोचन भी किया। यह पुस्तक पंजाब की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है, साथ ही राज्य की आधुनिक और दूरदर्शी आर्थिक सोच को भी रेखांकित करती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की रणनीतिक निवेश पहल के तहत आयोजित दो दिवसीय मुंबई निवेश रोडशो का भी उद्घाटन किया। यह रोडशो प्रगतिशील पंजाब निवेशक शिखर सम्मेलन–2026 से पूर्व एक प्रमुख प्री-समिट गतिविधि है। यह शिखर सम्मेलन 13 से 15 मार्च तक प्लाक्षा यूनिवर्सिटी, आईटी सिटी, मोहाली में आयोजित किया जाएगा।
ताजा घटनाक्रम पर बोलते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “पंजाब हमेशा से साहस, उद्यमिता और समृद्ध विरासत की धरती रहा है। हिंदुजा ग्रुप इस सामर्थ्य से अत्यधिक लाभ उठा सकता है।”
मुख्यमंत्री ने अन्य उद्योगपतियों और निवेशकों को भी निवेशक शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करते हुए कहा कि यह मंच विचारों के आदान-प्रदान और पंजाब के भविष्य के औद्योगिक परिदृश्य को आकार देने के लिए सहयोग का अवसर प्रदान करेगा।

