पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि प्रस्तावित इंडो–यूएस व्यापार समझौते के दायरे को लेकर स्पष्टता न होने से किसानों में बेचैनी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि खास तौर पर पंजाब के किसानों को आशंका है कि अमेरिकी कृषि उत्पादों को बिना किसी शुल्क के भारत में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है, जिससे घरेलू किसानों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि जहां अमेरिकी आयातों को जीरो टैरिफ पर अनुमति दिए जाने की चर्चा है, वहीं भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत तक शुल्क लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कृषि आयातों को शून्य शुल्क व्यवस्था में शामिल किया गया, तो यह किसानों पर सीधा प्रहार होगा और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को गंभीर क्षति पहुंचेगी, जिसका सबसे अधिक असर पंजाब पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और विशेष रूप से किसानों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रस्तावित समझौते में किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। राजा वड़िंग ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने में विफल रही, तो किसानों की ओर से कड़ा विरोध देखने को मिल सकता है।
