मोहाली जिला अस्पताल में मुख्यमंत्री सेहत योजना की समीक्षा, विधायक कुलवंत सिंह ने मरीजों से की बातचीत

योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों ने जताया संतोष, अब तक 3,500 से अधिक पंजीकरण

On

मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने मंगलवार को जिला अस्पताल का दौरा कर मुख्यमंत्री सेहत योजना (एमएमएसवाई) के तहत दी जा रही मुफ्त चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

मोहाली विधायक कुलवंत सिंह ने मंगलवार को मोहाली जिला अस्पताल का दौरा कर मुख्यमंत्री सेहत योजना (एमएमएसवाई) के तहत दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने योजना के अंतर्गत इलाज करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत की और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

दौरे के दौरान विधायक ने एमएमएसवाई के तहत इलाज पाने वाली पंजाब की पहली मरीज निर्मल कौर (53) से भी मुलाकात की। सनी एन्क्लेव की निवासी निर्मल कौर का 27 जनवरी को सफल अपेंडिक्स ऑपरेशन किया गया था। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और मंगलवार को वह फॉलो-अप जांच के लिए दोबारा अस्पताल पहुंचीं।

योजना के तहत भर्ती मरीजों ने विधायक को बताया कि वे आधार कार्ड और वोटर कार्ड के साथ ओपीडी काउंटर पर पहुंचे, जहां उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पंजीकृत कर इलाज शुरू किया गया। मरीजों ने योजना के अंतर्गत दी जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

कुलवंत सिंह ने बताया कि मोहाली जिले में अब तक करीब 3,500 पंजीकरण मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत किए जा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब में जारी आधार और वोटर कार्ड रखने वाले सभी पात्र नागरिकों का योजना में पंजीकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आपातकालीन मामलों में पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि ऐसे मरीजों को अस्पताल में ही तत्काल पंजीकृत कर उपचार दिया जाता है।

इस अवसर पर डॉ. बी. आर. आंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, मोहाली के कार्यवाहक निदेशक प्राचार्य डॉ. नवदीप सैनी ने बताया कि सर्जरी या इंडोर इलाज की जरूरत वाले प्रत्येक मरीज को मुख्यमंत्री सेहत योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मोहाली जिला अस्पताल में 78 मरीज एमएमएसवाई के तहत उपचाराधीन हैं।Screenshot_894

Edited By: Atul Sharma

खबरें और भी हैं

‘अस्सी’ के जरिए महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तीखा सवाल उठाएंगे अनुभव सिन्हा

नवीनतम

Copyright (c) Undekhi Khabar All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software