कुरुक्षेत्र में वीज़ा धोखाधड़ी के खिलाफ जागरूकता अभियान, फोटो प्रदर्शनी आयोजित

ब्रिटिश हाई कमीशन की पहल—छात्रों और ग्रामीणों को सुरक्षित व वैध यात्रा के प्रति किया जागरूक

On

कुरुक्षेत्र में ब्रिटिश हाई कमीशन ने ‘वीज़ा फ्रॉड से बचो’ अभियान के तहत फोटो प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें छात्रों और ग्रामीणों को धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

ब्रिटिश हाई कमीशन ने यूके जाने के लिए सुरक्षित और वैध मार्गों को बढ़ावा देने तथा वीज़ा से जुड़े धोखाधड़ी मामलों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र में ‘वीज़ा फ्रॉड से बचो’ अभियान के तहत एक फोटो प्रदर्शनी और सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज, लाडवा के सहयोग से कॉलेज परिसर में एक विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका उद्देश्य छात्रों को वीज़ा घोटालों और अवैध प्रवास के जोखिमों के बारे में जागरूक करना था।

इस प्रदर्शनी का उद्घाटन अल्बा स्मेरिग्लियो (ब्रिटिश उप उच्चायुक्त, चंडीगढ़), शार्लोट एबॉट (न्याय और गृह मामलों की द्वितीय सचिव), कॉलेज के अध्यक्ष पवन गर्ग और प्राचार्य प्रो. कुशल पाल द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी में वास्तविक जीवन के उदाहरणों और दृश्य माध्यमों के जरिए यह बताया गया कि ठग किस तरह लोगों को फंसाते हैं, अवैध प्रवास के क्या परिणाम हो सकते हैं और वैध व सत्यापित वीज़ा प्रक्रियाओं का पालन क्यों जरूरी है। इस पहल के माध्यम से छात्रों और युवाओं को सही जानकारी प्राप्त कर समझदारी से निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रदर्शनी के बाद ब्रिटिश हाई कमीशन की टीम ने सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम के तहत अजरानी गांव का दौरा किया और ग्रामीणों के साथ संवाद किया।

इस दौरान ग्रामीणों को वीज़ा धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें सलाह दी गई कि वे यात्रा और प्रवास से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

टीम ने लोगों को एक विशेष व्हाट्सऐप चैटबॉट के बारे में भी जानकारी दी, जिसे ब्रिटिश हाई कमीशन ने शुरू किया है। यह चैटबॉट अंग्रेजी, हिंदी और पंजाबी में यूके यात्रा से जुड़ी प्रमाणित जानकारी प्रदान करता है, धोखाधड़ी की पहचान में मदद करता है और वैध तरीकों से विदेश यात्रा के मार्ग बताता है।

यह पहल लोगों को सुरक्षित प्रवास के लिए जागरूक करने और वीज़ा धोखाधड़ी के मामलों को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।Screenshot_2208

Edited By: Karan Singh

खबरें और भी हैं

एलपीजी संकट पर हुड्डा का हमला, लंबी कतारों और सप्लाई बाधित होने का आरोप

नवीनतम

Copyright (c) Undekhi Khabar All Rights Reserved.
Powered By Vedanta Software