- Hindi News
- राज्य
- हरियाणा
- अंबाला कैंट में बन रहे शहीद स्मारक का मंत्री रणबीर गंगवा ने किया निरीक्षण
अंबाला कैंट में बन रहे शहीद स्मारक का मंत्री रणबीर गंगवा ने किया निरीक्षण
1857 की क्रांति के गुमनाम शहीदों को समर्पित स्मारक, 550 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहा निर्माण
हरियाणा के लोक निर्माण (बीएंडआर) एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बुधवार को अंबाला कैंट में निर्माणाधीन शहीद स्मारक का दौरा कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। यह स्मारक 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम शहीदों की शहादत को समर्पित है।
हरियाणा के लोक निर्माण (बीएंडआर) और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बुधवार को अंबाला कैंट में निर्माणाधीन शहीद स्मारक का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की जानकारी ली।
मंत्री ने बताया कि यह स्मारक 1857 की क्रांति के दौरान अंबाला कैंट में शहादत देने वाले गुमनाम वीरों की स्मृति में विकसित किया जा रहा है। स्मारक में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि, घटनाक्रम और परिस्थितियों को तीन चरणों में दर्शाया जाएगा। इसमें पहले अंबाला में घटित घटनाएं, उसके बाद हरियाणा में क्रांति की भूमिका और अंत में देशभर में हुए आंदोलन एवं शहीदों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।
रणबीर गंगवा ने कहा कि स्मारक का निर्माण लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) द्वारा किया जा रहा है और इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्मारक से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं।
उन्होंने कहा, “यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत होगा और पर्यटन की दृष्टि से भी इसकी एक विशिष्ट पहचान बनेगी। यहां आने वाले पर्यटक और आगंतुक स्वतंत्रता संग्राम के पूरे इतिहास को जान सकेंगे।”
मंत्री ने हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज की सराहना करते हुए कहा कि शहीद स्मारक के निर्माण में उनका विशेष योगदान रहा है। वे नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण करते हैं और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
मीडिया से बातचीत में रणबीर गंगवा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शहीद स्मारक के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह शहीद स्मारक लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
