गुरुद्वारा श्री अंब साहिब पातशाही सातवीं, एसएएस नगर से जुड़ी बेशकीमती जमीन की कथित अवैध बिक्री को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने गुरुद्वारे के मैनेजर राजिंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने बुधवार को मोहाली में कहा कि आरोपी मैनेजर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “राजिंदर सिंह ने सिख संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचाया है। उसे निलंबित कर दिया गया है। यदि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई गई, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
मामला सैनी माजरा (प्रेमगढ़) गांव, आईटी सिटी क्षेत्र (सेक्टर-101) में स्थित गुरुद्वारा श्री अंब साहिब की करीब 1 बीघा 6 बिस्वा 10 बिस्वासी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि यह जमीन विभिन्न खरीदारों को 1.32 करोड़ रुपये में बेच दी गई। जमीन की रजिस्ट्री 2 दिसंबर को मोहाली के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में करवाई गई थी।
सूत्रों के अनुसार, यदि इस जमीन की खुली नीलामी की जाती, तो इससे 15 से 20 करोड़ रुपये तक की राशि प्राप्त हो सकती थी। इसी को लेकर सिख संगठनों और संगत में गहरी नाराजगी पाई जा रही है।
एसजीपीसी ने स्पष्ट किया है कि गुरुद्वारा संपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
