पंजाब में आम आदमी पार्टी के विस्तार को मजबूती देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को तखसाली अकाली दल से जुड़े वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह भांबरी, उनकी पत्नी एवं पूर्व पार्षद कमलजीत कौर भांबरी तथा राकेश सोफट को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए हरपाल चीमा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में जीत के चार साल बाद भी विपक्षी दलों के नेता लगातार आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, जो AAP सरकार की नीतियों में जनता के भरोसे को दर्शाता है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी। चीमा ने कहा कि राज्य के जागरूक और समझदार मतदाता AAP सरकार की जन-हितैषी नीतियों से संतुष्ट हैं और उन्होंने एक बार फिर पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।
वित्त मंत्री ने सरकार की 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘नशों के खिलाफ युद्ध’ मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिसमें बड़ी संख्या में नशा तस्करों की गिरफ्तारी हुई है और नशे के आदी लोगों का इलाज कराया गया है।
इसके साथ ही चीमा ने कहा कि सरकार की गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।
कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं ने नए शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को स्थानीय स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
